प्रदेश मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांगडा में रखी 88.68 करोड़ की परियोजनाओं की आधारशिला

एआरबी टाइम्स ब्यूरो

शिमला।  प्रदेश मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिले के अपने शीतकालीन प्रवास के दौरान कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में 88.68 करोड़ रुपये की लागत की चार विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी। जिसमें बिरता, घुरकड़ी, ललेहड़, मटौर, नटेहड़ और आसपास के क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों के लिए 60.12 करोड़ रुपये की लागत की सीवरेज योजनाओं की आधारशिला रखी और 12.59 करोड़ रुपये की लागत से देहरा अराला, गावला अंदराड़, तरसूह, ललेहड़, बिरता, जोगीपुर, सेवकारा और नटेहड़ को जोड़ने वाली सड़कों के सुधार कार्य का शुभारंभ भी किया।

 

 

मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड (एचपीएसईबीएल) के तहत 33/11 केवी सबस्टेशन दौलतपुर की आधारशिला भी रखी, जिसका निर्माण 10.81 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। उन्होंने 5.16 करोड़ रुपये की लागत से इच्छी, मटौर, नंदेहड़, कटकवाला, जमानाबाद, अब्दुल्लापुर, मिहालू, जोगीबाला, सहोड़ा और गग्गल गांवों के लिए उठाऊ पेयजल योजना के संवर्धन कार्य का शुभारंभ किया।

 

 

इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने आज कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के मटौर में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांगड़ा में जल शक्ति विभाग का डिवीजन खोलने की घोषणा की। साथ ही, जलोड़ी खड्ड पर नया पुल बनाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि अगले पांच साल में कांगड़ा जिले की तस्वीर बदलने वाली है। जिसका अर्थ है कि गांव के लोगों के हाथ में पैसा पहुंचेगा। प्रदेश के लोगों को अच्छा पानी, स्वास्थ्य सुविधाएँ और अन्य बेहतर सुविधाएँ मिलेंगी।

इस अवसर पर आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा जी, हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के चेयरमैन आर.एस. बाली जी, विधानसभा में उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया जी, विधायक किशोरी लाल जी, सुरेश कुमार जी, पूर्व विधायक सुरेंद्र काकू जी, एपीएमसी कांगड़ा के चेयरमैन नरेंद्र मोंगरा जी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *