एआरबी टाइम्स ब्यूरो
किन्नौर। उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने राजकीय महाविद्यालय रिकांग पिओ में शैक्षणिक सत्र 2024-2025 की वार्षिक गतिविधियों पर आधारित पत्रिका ‘शतुद्री’ के 19वें संस्करण का भव्य विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने महाविद्यालय के फेसबुक पेज तथा मासिक इ-न्यूज़लेटर ‘ज़ङगती सुरेनिंग’ के प्रथम संस्करण का भी लोकार्पण किया।
डॉ. शर्मा ने कहा कि वार्षिक पत्रिकाएं विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के रचनात्मक योगदान को समाज तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी पत्रिकाएं न केवल साहित्यिक सृजन को बढ़ावा देती हैं, बल्कि महाविद्यालय स्तर से लेकर जिला, राज्य व राष्ट्रीय स्तर तक आयोजित विभिन्न गतिविधियों की उपलब्धियों को साझा करने का उचित मंच भी प्रदान करती हैं।
मुख्य संपादक प्रो. धर्मकीर्ति नेगी ने बताया कि यह पत्रिका विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर देती है, जिससे वे लेखन के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को छू सकते हैं। उन्होंने बताया कि यह महाविद्यालय वर्ष 1994 में जनजातीय क्षेत्र किन्नौर के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा देने के उद्देश्य से स्थापित किया गया था।
प्राचार्य डॉ. उत्तम चंद ने महाविद्यालय की अकादमिक, सह-अकादमिक, खेल, सांस्कृतिक व सामाजिक गतिविधियों में अर्जित उपलब्धियों से मुख्य अतिथि को अवगत करवाया। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश के चुनिंदा महाविद्यालय ही मासिक इ-न्यूज़लेटर प्रकाशित करते हैं, जिससे महाविद्यालय की गतिविधियों को नियमित रूप से साझा किया जा सके।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक शेखर, डीन ऑफ स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. जनक नेगी, आई.क्यू.ए. सेल के संयोजक प्रो. कुशाल शर्मा सहित समस्त प्राध्यापकगण व विद्यार्थी उपस्थित रहे।
