एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में दोबारा कमान संभालने के बाद संजीव देष्टा शिमला ग्रामीण के शोघी क्षेत्र पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम का आयोजन किसान मोर्चा के बैनर तले किया गया, जिसमें देष्टा ने कार्यकर्ताओं को जोश और ऊर्जा से भर दिया।
उन्होंने राज्य की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। चुनावी वादों की 10 गारंटियों में से कोई भी पूरी नहीं हुई है, जिससे हर वर्ग—महिलाएं, युवा, किसान, बागवान और उद्यमी—निराश और हताश है।
देष्टा ने कहा कि प्रदेश इस समय आपदा की घड़ी से गुजर रहा है, लेकिन राज्य सरकार की प्राथमिकता जनता को राहत देने के बजाय उन पर आर्थिक बोझ डालने की है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार हिमाचल को हरसंभव मदद दे रही है और आगे भी देती रहेगी। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर जैसे आपदा प्रभावित जिलों में भाजपा का हर कार्यकर्ता जनता के साथ खड़ा है।
कार्यक्रम में पांवटा साहिब से विधायक सुखराम चौधरी सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ता—रवि मेहता, दिनेश ठाकुर, यशपाल ठाकुर, शिवानी ठाकुर, कमलेश शर्मा, ईश्वर रोहाल, संजीव चौहान, प्रमोद शर्मा, इंदर ठाकुर, सुनील ठाकुर, सुनीता शर्मा, रमा वर्मा, प्रेम चौहान, दीपक ठाकुर, रवि ठाकुर, सुशील चौहान, पूर्णमल, नरेंद्र, सुरेश, दीप्ती कश्यप और रमेश आदि मौजूद रहे।
