एआरबी टाइम्स ब्यूरो
कुल्लू। पर्यटन नगरी मनाली में पुलिस ने नशीले पदार्थ और अवैध हथियार के साथ चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 3 सितंबर को मनाली थाना पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर वोल्वो बस स्टैंड के पास एक आई-20 कार (PB 18 U 8718) को रोका और नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार में सवार चार व्यक्तियों के पास से कुल 258.750 ग्राम चिट्टा (हेरोइन), एक पिस्टल, दो जिंदा राउंड और एक मैगजीन बरामद की गई।
गिरफ्तार युवकों की पहचान इस प्रकार हुई है:
संजय कुमार (40) – निवासी सिद्धपुर, धर्मपुर, जिला मंडी
हरमोहित दीप सिंह (22) – निवासी जहादपुर, जतोसरजा, बटाला, गुरदासपुर
कृष्णा सिंह उर्फ मनीष (29) – निवासी खगोल दानापुर, पटना, बिहार
मंदीप सिंह (30) – निवासी जहादपुर, जतोसरजा, बटाला, गुरदासपुर
एसपी कुल्लू डॉ. कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन ने पुष्टि की कि आरोपियों पर धारा 21, 25, 29 (NDPS एक्ट) और धारा 25 (शस्त्र अधिनियम) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस मामले की तह तक पहुंचने के लिए जांच में जुटी हुई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी यह नशा और हथियार कहां से लेकर आए थे और किसे सप्लाई करने वाले थे।