एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। हिमाचल प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नंद लाल ने सोमवार को प्राकृतिक आपदा से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और ज़मीनी हालात का जायजा लिया। उन्होंने नरैण और बाहली पंचायतों के कुन्नू, जराशी और बरांदली गांवों में पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर सांत्वना और सहायता प्रदान की।
तत्काल राहत: आर्थिक सहायता और तिरपाल वितरण
नंद लाल ने उन सात परिवारों को 5000-5000 रुपये की फौरी राहत राशि दी, जो पहले इस सहायता से वंचित रह गए थे। इसके अलावा चालीस परिवारों को तिरपाल वितरित किए गए ताकि वे अस्थाई रूप से सुरक्षित रह सकें।
बहाली कार्यों को मिली गति
विधायक ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि आपदा के चलते हुए नुकसान का त्वरित आकलन किया जाए और समयबद्ध सहायता राशि प्रदान की जाए। उन्होंने सड़क, बिजली, पेयजल और संपर्क मार्गों की बहाली को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।
जराशी संपर्क सड़क हुई बहाल
जराशी गांव तक की संपर्क सड़क को छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया है, जिससे स्थानीय बागवान अपनी नकदी फसल सेब को समय पर मंडियों तक पहुंचा सकें। नंद लाल ने कहा कि बागवानी और कृषि इस क्षेत्र की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और इन्हें सुरक्षित रखना सरकार की जिम्मेदारी है।
प्रभावितों को मिलेगा नियमों के अनुसार मुआवज़ा
उन्होंने आश्वस्त किया कि हिमाचल प्रदेश सरकार की आपदा राहत नीति के तहत मकानों की क्षति, पशुधन हानि, फसलों को नुकसान, दुकानों को क्षति आदि के लिए निर्धारित दरों पर मुआवज़ा प्रदान किया जाएगा।
जनसमस्याएं भी सुनीं
अपने दौरे से पहले नंद लाल ने सर्किट हाउस रामपुर में जनसमस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, “जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान ही हमारी प्राथमिकता है।”
उपस्थित अधिकारी
इस अवसर पर अध्यक्ष पंचायत समिति रामपुर आशीष कायथ, खंड विकास अधिकारी राजेंद्र नेगी, एसएमएस बागवानी डॉ. संजय चौहान, एसएमएस कृषि डॉ. पवन कुमार, नायब तहसीलदार अनमोल शर्मा सहित लोक निर्माण, जल शक्ति, विद्युत विभाग और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
