एआरबी टाइम्स ब्यूरो
मंडी। जिला मंडी की सदर तहसील के गांव पपराहल के संघर्ष ठाकुर ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर कमीशन प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने चेन्नई स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (OTA) से कठिन प्रशिक्षण पूरा कर यह गौरव हासिल किया।
संघर्ष ठाकुर ने केंद्रीय विद्यालय मंडी से पढ़ाई की और वल्लभ महाविद्यालय मंडी से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण को हमेशा प्राथमिकता दी। कठिन मेहनत और दृढ़ निश्चय के बल पर उन्होंने यह उपलब्धि पाई। संघर्ष ठाकुर के पिता श्याम लाल ठाकुर, जो सरदार पटेल विश्वविद्यालय से सेवानिवृत्त सेक्शन ऑफिसर हैं और माता रमा ठाकुर, जो स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में फार्मेसी ऑफिसर हैं, ने बताया कि उनके बेटे ने हमेशा परिवार से मिली सादगी और ईमानदारी को अपनी प्रेरणा माना है।
उन्होंने कहा कि सफलता का अर्थ असफलता से बचना नहीं, बल्कि कठिनाइयों के बावजूद निरंतर आगे बढ़ते रहना है। संघर्ष इस समय चेन्नई में हैं और आगे की तैनाती की तैयारी कर रहे हैं। गांव पपराहल और आसपास के क्षेत्रों में इस उपलब्धि पर खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने इसे पूरे इलाके और हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बताया। संघर्ष ठाकुर की यह कामयाबी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनी है और यह विश्वास दिलाती है कि हिमाचल के दूरदराज़ क्षेत्रों से भी युवा भारतीय सेना में अपनी पहचान बना सकते हैं।
