एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंगलवार को 35 बोलेरो कैंपर को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये सभी वाहन Government e-Marketplace (GeM) पोर्टल के माध्यम से मेसर्स महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड से खरीदे गए हैं। मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि इन वाहनों की मदद से विभागीय कार्यों में तेजी आएगी। विशेषकर दूरदराज क्षेत्रों तक पहुंच, आपदा प्रबंधन, निरीक्षण एवं निगरानी कार्य अधिक प्रभावी और सुचारू रूप से किए जा सकेंगे।
उन्होंने कहा, “बोलेरो कैंपर से विभाग के अभियंताओं और निरीक्षण दलों को जमीनी स्तर तक पहुंचने में आसानी होगी। इससे न केवल विभागीय कार्यों की गति बढ़ेगी बल्कि गुणवत्ता में भी सुधार होगा।” जेम पोर्टल से वाहनों की यह खरीद एक पारदर्शी और किफायती प्रक्रिया है, जो डिजिटल इंडिया और सुशासन की सरकार की प्रतिबद्धता को मजबूत करती है।
इन वाहनों का मुख्य उपयोग विभागीय निरीक्षण, निर्माण कार्यों की समीक्षा, निगरानी और आपातकालीन स्थितियों में त्वरित कार्रवाई के लिए किया जाएगा। कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, अभियंता, महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड के प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
