एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर उपमंडल के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सराहन को जोड़ने वाली ज्यूरी-सराहन सड़क को दुरुस्त करने के लिए सरकार ने 25.5 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। यह सड़क 17 किलोमीटर लंबी है और क्षेत्र की प्रमुख संपर्क मार्गों में शामिल है, जिसकी स्थिति पिछले कुछ वर्षों से अत्यंत खराब बनी हुई थी।
अब इस परियोजना के तहत सड़क को पूरी तरह से नए सिरे से तैयार किया जाएगा। इसमें पांच मीटर चौड़ी टायरिंग, डंगे, रिटेनिंग वॉल और जल निकासी के लिए नालियों का निर्माण शामिल है। इन कार्यों से सड़क को भूस्खलन और बारिश के पानी से होने वाले नुकसान से सुरक्षित बनाया जाएगा।
स्थानीय लोग लंबे समय से इस सड़क की मरम्मत की मांग कर रहे थे। बरसात में यह मार्ग कीचड़ और गड्ढों से भर जाता था, जिससे आवागमन में भारी कठिनाइयाँ आती थीं। अब इस स्वीकृति से क्षेत्रवासियों और पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग रामपुर के एक्सईन शक्ति सिंह नेगी ने जानकारी दी कि जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी ताकि निर्माण कार्य शीघ्र आरंभ हो सके।
वहीं, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भी इस परियोजना की पुष्टि करते हुए अपनी फेसबुक पोस्ट में जानकारी साझा की है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन को निगरानी का जिम्मा सौंपा गया है।
