एआरबी टाइम्स ब्यूरो
बिलासपुर। तकनीकी शिक्षा, नगर नियोजन, आवास, व्यावसायिक और औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि “स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार और मजबूत समाज की नींव होती है।” वे घुमारवीं सिविल अस्पताल में ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान के शुभारंभ अवसर पर बोल रहे थे। यह अभियान 2 अक्तूबर तक चलाया जाएगा।
राजेश धर्माणी ने बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता दे रही है। इसी उद्देश्य से इस अभियान की शुरुआत की गई है ताकि हर महिला को नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच और उचित परामर्श मिल सके।
प्राकृतिक जीवनशैली पर बल:
राजेश धर्माणी ने लोगों से सादा भोजन, योग, व्यायाम और ध्यान को अपनाने की अपील की। उन्होंने रासायनिक कीटनाशकों और पेनकिलर दवाओं के अति प्रयोग से होने वाली बीमारियों जैसे कैंसर और किडनी रोग के प्रति भी चेताया।
महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर:
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुपम शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएंगे, जिसमें महिलाओं की बीपी, शुगर, हीमोग्लोबिन, स्तन कैंसर, स्त्री रोगों और गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग की जाएगी। स्वास्थ्य संस्थान रविवार को भी खुले रहेंगे ताकि अधिकतम महिलाएं लाभ ले सकें। जांच रिपोर्ट ऑनलाइन पोर्टल पर उपलब्ध होगी।
मुख्य बिंदु – स्वास्थ्य क्षेत्र में सरकार के प्रयास:
शिमला (चमियाणा) और टांडा मेडिकल कॉलेज में राॅबोटिक सर्जरी शुरू
300 करोड़ की लागत से हाईटेक लैबोरेटरी की स्थापना
28 नए डायलिसिस सेंटर पूरे प्रदेश में स्थापित किए जा रहे हैं
हर विधानसभा क्षेत्र में एक आदर्श स्वास्थ्य संस्थान की स्थापना
जनभागीदारी की अपील:
मंत्री ने समाज के सभी वर्गों से आग्रह किया कि वे माताओं, बहनों और बेटियों को इस अभियान से जोड़ें। अधिक से अधिक महिलाओं की जांच करवा कर ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ के उद्देश्य को सफल बनाया जा सकता है।
