एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
हिमाचल प्रदेश राज्य रेडक्रॉस, अस्पताल कल्याण अनुभाग की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता माननीय लेडी गवर्नर एवं अध्यक्षा, राज्य रेडक्रॉस अस्पताल कल्याण अनुभाग, जानकी शुक्ल ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य शिमला स्थित अस्पतालों और आश्रमों में “दिवाली वितरण 2025” के आयोजन की रूपरेखा तैयार करना था।
बैठक की शुरुआत निरता आकरे द्वारा लेडी गवर्नर को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत के साथ हुई। निर्णय लिया गया कि दीवाली के अवसर पर आश्रमों और अस्पतालों में वितरित की जाने वाली सामग्री की खरीद हिमकारा उन्नयन समिति, हिमफेड, और स्वयं सहायता समूहों से की जाएगी। सामग्री की गुणवत्ता और उचित दरें सुनिश्चित की जाएंगी।
इस मौके पर डॉ. संजीव कुमार, सहायक सचिव, हिमाचल प्रदेश राज्य रेडक्रॉस ने बैठक की जानकारी साझा की। चन्द्र प्रकाश वर्मा भा.प्र.से., सचिव राज्यपाल एवं महासचिव, हिमाचल प्रदेश राज्य रेडक्रॉस ने सभी सदस्यों से रेडक्रॉस की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का आग्रह किया। बैठक में राज्यपाल के परिसहाय रतेग सिंह, राजभवन सचिवालय के नियंत्रक संत राम, और कार्यकारी सदस्य डॉ. किम्मी सूद समेत कुल 25 सदस्याओं ने बैठक में भाग लिया।
चंद्र प्रकाश वर्मा ने यह भी बताया कि राज्य रेडक्रॉस द्वारा वर्ष 2025 में हुई आपदाओं के दौरान राज्यपाल महोदय की अगुवाई में राहत सामग्री का वितरण प्रभावित जिलों में सफलतापूर्वक किया गया।
