एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। बुशहर स्पोर्ट्स, कल्चरल एवं एन्वायरमेंट एसोसिएशन की ओर से सोमवार को बुशहर की संस्कृति पर आधारित महिला मंडलों की शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं ने नशे के बढ़ते प्रचलन के खिलाफ जागरूकता फैलाई।

बीते चार वर्षों से एसोसिएशन पारंपरिक शोभायात्रा का आयोजन कर रहा है, जिसमें हर साल नई सोच के साथ रामपुर उपमंडल के महिला मंडल भाग लेते हैं। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बुशहर की प्राचीन परंपराओं को बढ़ावा देना है, साथ ही सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता फैलाना भी इसका अहम हिस्सा है।
इस वर्ष की रैली को डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष मुस्कान, कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी और एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल सोनी ने गांधी पार्क से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शोभायात्रा में 12 से अधिक महिला मंडलों ने पारंपरिक परिधानों में भाग लिया। महिलाओं ने पारंपरिक व्यंजनों और लोकगीतों के माध्यम से अपनी संस्कृति का प्रदर्शन किया।
नगर परिषद रामपुर के स्वयं सहायता समूह ने स्वच्छता को लेकर जागरूकता फैलाई। शोभायात्रा ने पूरे बाजार की परिक्रमा कर नशे के खिलाफ संदेश दिया, जिसे स्थानीय लोगों ने खूब सराहा।
वहीं मेले के तीसरे दिन भी देवी देवतों देवलु नाचते गाते राज दरबार परिसर पहुंचे, जहां पर दिन भर नाटियों को दौर चलता रहा और वहीं दूर दूर से आए लोग भी अपने अपने अराध्यों से सुख समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त करते रहे।