एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। विश्व रेबीज दिवस 2025 रामपुर में आज विशेष उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामपुर में पशुपालन विभाग एवं ह्यूमेन पीपल संस्था के संयुक्त तत्वावधान में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य गतिविधि के रूप में “रेबीज मुक्त भारत” विषय पर ब्लॉक स्तरीय पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता रखी गई, जिसमें 25 विद्यालयों के 58 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने रंगों और विचारों के माध्यम से रेबीज के खिलाफ जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।
प्रतियोगिता के विजेता इस प्रकार रहे:
प्रथम स्थान: ऋधान (कक्षा 5, डीएवी दत्तनगर)
द्वितीय स्थान: तन्विश (डीएवी दत्तनगर), सतवत विराज (डीएवी रामपुर), भाविका शर्मा (स्प्रिंगडेल स्कूल, खनेरी)
तृतीय स्थान: पल्लवी (स्प्रिंगडेल स्कूल), श्रिष्टि और नव्या (साईं विद्या पब्लिक स्कूल)
चतुर्थ स्थान: उपलक्ष (स्प्रिंगडेल स्कूल), पारिधि (गुंजन सर्वोदय पब्लिक स्कूल)
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पद्म राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामपुर के प्रधानाचार्य राजेश परमार रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पीटीएफ रामपुर के अध्यक्ष मेहर चंद गौतम उपस्थित थे। अन्य गणमान्य व्यक्तियों में कनक राज हस्त, अशोक मेहता और शिक्षकगण मौजूद रहे।
जिला रेबीज सर्विलांस नोडल अधिकारी डॉ. अनिल कुमार शर्मा ने बच्चों को रेबीज की रोकथाम और नियंत्रण के विषय में महत्वपूर्ण जानकारी दी। इस अवसर पर 1500 जागरूकता पैम्पलेट्स भी विभिन्न विद्यालयों में वितरित किए गए। ह्यूमेन पीपल संस्था के अध्यक्ष अनिल मोक्टा ने समापन भाषण में सभी का आभार व्यक्त किया और समाज में पशुजन्य रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।