एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल, ढली में वार्षिक दिवस का आयोजन बड़े ही उत्साह और सांस्कृतिक रंगों के साथ किया गया। इस मौके पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
अपने संबोधन में मंत्री ने कहा, “बेहतर शिक्षा ही बेहतर भविष्य का आधार है।” उन्होंने कहा कि छात्रों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति नाटकों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी को गहराई से प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि भारत की आजादी के संघर्षों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का कर्तव्य है।
युवाओं को नशे से दूर रखने की अपील
मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि युवा पीढ़ी को शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार देना बेहद जरूरी है। उन्होंने नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार नशे के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है, और कानून में बदलाव कर नशे के सौदागरों पर शिकंजा कसा जा रहा है।
आत्मनिर्भर हिमाचल की दिशा में प्रयास
उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश सरकार आत्मनिर्भर हिमाचल की दिशा में काम कर रही है। पारंपरिक उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाया जा रहा है। “हिम ईरा” ब्रांड के तहत बनाए गए उत्पाद अब वैश्विक पहचान बना रहे हैं।
विद्यालय की प्रधानाचार्य का संदेश
स्कूल की प्रधानाचार्य सिस्टर ग्रेस दावा मेरी ने कहा कि शिक्षा ही वह अस्त्र है जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। विद्यालय का उद्देश्य छात्रों का सर्वांगीण विकास करना है, और इसके लिए शैक्षणिक के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
प्रेरणादायक सांस्कृतिक कार्यक्रम
इस मौके पर छात्रों ने बेहतरीन सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
कक्षा 6 के छात्रों ने स्वागत गीत गाया।
कक्षा 6, 10 और 12 के छात्रों ने प्रार्थना नृत्य प्रस्तुत किया।
“झांसी की रानी : आज़ादी की वीरंगना” नामक नाट्य प्रस्तुति ने सभी का दिल जीत लिया।
“आजादी नृत्य” के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के महान योद्धाओं के बलिदान को दिखाया गया, जिसमें जलियांवाला बाग, दांडी यात्रा और भगत सिंह की फांसी जैसी घटनाएं शामिल थीं।
उपस्थित अतिथि और गणमान्य लोग
इस कार्यक्रम में पार्षद नरेंद्र ठाकुर, विशाखा मोदी, कुलदीप ठाकुर, रामकृष्ण शांडिल्य, विद्यालय का समस्त स्टाफ, अभिभावकगण और बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद रहे।
