एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। डीएवी एसजेवीएन पब्लिक स्कूल, दत्तनगर में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ वैदिक हवन एवं मंत्रोच्चारण के साथ किया गया। इस पावन अनुष्ठान में कक्षा पहली से बारहवीं तक के सभी छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। विद्यालय की प्राचार्या, श्रीमती डॉ. मुक्ता चौहान, मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित रहीं।
हवन के दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्रों ने वेद मंत्रों का सामूहिक उच्चारण करते हुए अग्नि में श्रद्धा और भावपूर्ण आहुतियां अर्पित कीं। इस अवसर पर सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे पूरे सत्र में निष्ठा और समर्पण भाव से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
प्राचार्या डॉ. मुक्ता चौहान ने अपने उद्बोधन में कहा कि हवन न केवल पर्यावरण को शुद्ध करता है, बल्कि हमारी आत्मा को भी पवित्र करता है। यह सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है, जिससे संपूर्ण सत्र शुभ और सफल बनता है।
छात्र-छात्राओं ने इस वैदिक अनुष्ठान को एक महत्वपूर्ण जीवन-शिक्षा के रूप में अपनाते हुए आत्मसात किया।