एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने लोकसभा में कांग्रेस पार्टी पर राजीव गांधी फाउंडेशन में चीनी अधिकारियों से पैसे लेने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कांग्रेस से यह स्पष्ट करने की मांग की है कि उन्होंने चीनी अधिकारियों से पैसे क्यों लिए और उन पैसों का उपयोग किस कार्य के लिए किया गया। सांसद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का हाथ हमेशा विदेशी ताकतों के साथ रहा है और उन्होंने हजारों एकड़ भारतीय भूमि दुश्मनों को सौंप दी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब भारतीय सेना डोकलाम में वीरता का प्रदर्शन कर रही थी, तब राहुल गांधी चीनी अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे।
उन्होंने कांग्रेस से यह भी पूछा कि जब चीन ने भारत की पीठ में छुरा घोंपा, तो उस समय किसकी सरकार थी और उन्होंने अक्साई चिन को चीन को क्यों सौंप दिया।उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में भारतीय सेना ने डोकलाम में चीन को मुंहतोड़ जवाब दिया और प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री ने सेना का मनोबल बढ़ाने के लिए सीमा का दौरा किया। ठाकुर ने कांग्रेस पर चीन के साथ मिलकर झूठे आरोप लगाने और राजनीतिक रोटियां सेंकने का आरोप लगाया है। उन्होंने कांग्रेस से राजीव गांधी फाउंडेशन में चीन से पैसे लेने के मामले पर स्पष्टीकरण देने की मांग की है।