एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में शिमला सब्जी मंडी, लकड़ी मंडी तथा अन्य वाणिज्यिक गतिविधियों के पुनर्स्थापना को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में नगर निगम, कृषि विपणन बोर्ड, जिला प्रशासन तथा अन्य विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान शिमला शहर में बढ़ते यातायात दबाव, जनसुविधाओं की कमी और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए मंडियों को शहर से बाहर स्थानांतरित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर संभावित स्थानों का विस्तृत सर्वेक्षण कर उपयुक्त भूमि का चयन करें तथा एक व्यवहारिक व चरणबद्ध प्रस्ताव तैयार करें, ताकि इस प्रक्रिया को शीघ्र सरकार के समक्ष प्रस्तुत किया जा सके।
उन्होंने कहा कि शिमला जैसे पर्यटन और व्यापारिक केंद्र में बढ़ती भीड़भाड़ को नियंत्रित करना जरूरी है और इसके लिए वाणिज्यिक गतिविधियों को सुव्यवस्थित ढंग से पुनर्स्थापित करना समय की मांग है।
इस बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, एएसपी रत्न नेगी, उपमंडलाधिकारी (ना.) शिमला (ग्रामीण) मंजीत शर्मा, जिला राजस्व अधिकारी संजीत शर्मा सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।