एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा के समापन समारोह में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने कई अहम घोषणाएं कीं, जिनमें कुल्लू जिले में 200 करोड़ रुपये की पेयजल योजना और बाजा बजंतरियों के मानदेय में 10 प्रतिशत वृद्धि प्रमुख रहीं।

पेयजल सुविधा को मिलेगी मजबूती
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कुल्लू जिले में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 200 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। इसके अलावा आपदा न्यूनीकरण कार्यों के लिए पहले ही 158 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने रायसन, मनाली, वृद्धा आश्रम, राफ्टिंग सेंटर और गौसदन के निकट फ्लड प्रोटेक्शन कार्यों की जानकारी दी और आश्वासन दिया कि शेष 58 करोड़ रुपये भी कुल्लू जिले पर ही खर्च होंगे।

दशहरा: देव संस्कृति और लोक आस्था का प्रतीक
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कुल्लू दशहरा हिमाचल प्रदेश की देव संस्कृति, आस्था और लोकसंस्कृति का प्रतीक है, जो राज्य की पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाता है। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस वर्ष आपदा प्रभावितों की सहायता के लिए उत्सव को सादगीपूर्ण ढंग से आयोजित करना एक सराहनीय कदम है।
कुल्लू कार्निवाल बना आकर्षण का केंद्र
समारोह की शुरुआत उपमुख्यमंत्री द्वारा कुल्लू कार्निवाल को हरी झंडी दिखाकर की गई। कार्निवाल में पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीतों, वाद्य यंत्रों और नाट्य-नृत्य के माध्यम से समृद्ध हिमाचली लोकसंस्कृति को प्रस्तुत किया गया।
आपदा राहत को समर्पित हुआ दशहरा
विधायक एवं उत्सव समिति के अध्यक्ष सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि इस वर्ष का उत्सव हालिया आपदा से प्रभावित लोगों को समर्पित किया गया है। उन्होंने बताया कि उत्सव से प्राप्त आय आपदा राहत कार्यों में प्रयोग की जाएगी।
राहत कोष में भेंट और पुरस्कार वितरण
समापन समारोह में भुट्टीको वीवर्स सोसाइटी ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 3 लाख रुपये का चेक भेंट किया।
इसके अलावा लोकनृत्य प्रतियोगिता में विजेता दलों — सूर्या सांस्कृतिक दल, बनोगी (प्रथम), बाबा वीरनाथ युवक मंडल, गदेहड़ (द्वितीय), और शिवा युवक मंडल, सरली (तृतीय) — को उपमुख्यमंत्री ने पुरस्कार प्रदान किए।
शैक्षणिक विभाग की झांकी को प्रथम स्थान मिला, जबकि भाषा एवं संस्कृति विभाग, पर्यटन विभाग, और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की झांकियों को भी पुरस्कृत किया गया।
समारोह में रही गणमान्य उपस्थिति
समारोह में स्टेट गेस्ट विदित कुमार चौधरी, महिला आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी, मिल्कफेड अध्यक्ष शबुद्धि सिंह ठाकुर, एपीएमसी अध्यक्ष श्राम सिंह मियां, डिविजनल कमिश्नर मंडी डॉ. आर.के. परुथी, एसपी कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन, और हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।