एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर की 15/20 क्षेत्र की 6 पंचायतों के ग्रामीणों ने बाढ़ और भूस्खलन से उत्पन्न समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है। वीरवार को गानवी में आयोजित एक अहम बैठक में ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि 17 अक्टूबर तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती है, तो वे प्रदर्शन शुरू करेंगे।
बैठक की अध्यक्षता पूर्व पंचायत समिति सदस्य सुभाष नेगी ने की। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में हाल ही में हुई भारी बारिश और भूस्खलन से सड़कें, खड्ड, खेत और घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। प्रशासन ने अब तक कोई राहत या पुनर्निर्माण कार्य शुरू नहीं किया है, जिससे लोगों में रोष है।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें:
-
छह पंचायतों को जोड़ने वाली मुख्य सड़क का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया जाए।
-
गालवी खंड में कलवर्ट लगाया जाए।
-
गानवी और जघोरी खड्ड पर सुरक्षा के लिए डंगे लगाए जाएं।
-
जघोरी रोड को जल्द खोला जाए।
-
गानवी में बाईपास रोड का कार्य तुरंत शुरू किया जाए।
-
गानवी और रुन्ग्चा में बहे मकानों, खेतों और फसलों का तत्काल मुआवजा दिया जाए।
-
प्रभावित भूमि की निशानदेही की जाए।
-
गानवी खड्ड पर पैदल चलने के लिए पुल का निर्माण किया जाए।
बैठक के उपरांत, प्रतिनिधिमंडल ने नायब तहसीलदार रामपुर के माध्यम से एसडीएम को ज्ञापन सौंपा और स्पष्ट किया कि यदि मांगों की अनदेखी हुई, तो 17 अक्टूबर से धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। ग्रामीणों ने कहा कि आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।