एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
राजकीय महाविद्यालय रामपुर की अर्थशास्त्र सोसाइटी के तत्वावधान में “वित्तीय साक्षरता और बैंकिंग धोखाधड़ी” विषय पर एक सारगर्भित जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल बैंकिंग, साइबर सुरक्षा, और वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की जानकारी देना था। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. पंकज बासोतिया ने मुख्य अतिथि के रूप शिरकत की। अतिथि सत्कार डॉ. सतपाल, सहायक आचार्य (अर्थशास्त्र विभाग) ने किया।
मुख्य वक्ता रुचि गौतम, प्रबंधक, रिज़र्व बैंक ऑफ इंडिया, ने RBI की ‘Money Wise’ योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने वित्तीय साक्षरता को आज के डिजिटल युग में आवश्यक बताया और बताया कि कैसे UPI, क्रेडिट कार्ड, और नेट बैंकिंग जैसी सेवाओं का सुरक्षित उपयोग किया जाए। उन्होंने समझाया कि ओटीपी साझा करना, फर्जी लिंक पर क्लिक करना या संदिग्ध वेबसाइटों पर बैंक विवरण देना किस प्रकार भारी आर्थिक नुकसान का कारण बन सकता है। उन्होंने छात्रों को सतर्क रहने और सही वित्तीय निर्णय लेने की सलाह दी।
मुख्य अतिथि डॉ. पंकज बासोतिया ने भी अपने वक्तव्य में वित्तीय जागरूकता को समाज के हर वर्ग के लिए जरूरी बताया और छात्रों से आग्रह किया कि वे इस ज्ञान को समाज में भी साझा करें। कार्यक्रम के अंत में डॉ. आयुष शर्मा, अध्यक्ष (अर्थशास्त्र सोसाइटी) ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्रों में आर्थिक समझ, जवाबदेही और सजगता को बढ़ावा देते हैं।
इस अवसर पर सहायक आचार्य पुष्पा गोस्वामी, अमर नेगी, अर्थशास्त्र सोसाइटी के पदाधिकारी, और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का संचालन छात्रा शिल्पा द्वारा किया गया।
