एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
राजकीय महाविद्यालय रामपुर में महाविद्यालय पुस्तकालय समिति द्वारा विजय बुक डिपो रामपुर के सहयोग से एक दिवसीय पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। यह शैक्षणिक आयोजन महाविद्यालय परिसर में प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक संपन्न हुआ।
पुस्तक प्रदर्शनी छात्रों को विभिन्न विषयों की पुस्तकों से अवगत कराने तथा उन्हें पढ़ाई के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से की गई थी। प्रदर्शनी में प्रतियोगी परीक्षाओं, साहित्य, विज्ञान, वाणिज्य, इतिहास, तथा समसामयिक विषयों से संबंधित पुस्तकों का विस्तृत संग्रह प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पुस्तकों का अवलोकन किया और कई ने उपयोगी पुस्तकें भी खरीदीं।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज बसोतिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होती हैं। उन्होंने छात्रों से नियमित रूप से पठन-पाठन की आदत विकसित करने का आग्रह किया। पुस्तकालय समिति के सदस्यों ने इस आयोजन को सफल बनाने में सराहनीय भूमिका निभाई। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को न केवल ज्ञानवर्धन का अवसर देते हैं, बल्कि उन्हें प्रतियोगी युग की चुनौतियों के लिए भी तैयार करते हैं।
