एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छोटा शिमला के सभागार में शनिवार को पोषण माह अभियान 2025 का समापन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त अनुपम कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की और पोषाहार प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके बाद “एक पेड़ मां के नाम, एक बूटा बेटी के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया।
मुख्य अतिथि अनुपम कश्यप ने कहा कि बच्चों को शिक्षा पर अधिक ध्यान देना चाहिए क्योंकि शिक्षा इंसान को सशक्त नागरिक बनाती है और राष्ट्र के विकास की नींव रखती है। उन्होंने कहा कि पोषण माह अभियान घर-घर तक सफलतापूर्वक पहुंचा है और इसके तहत जिले में करीब 25 हजार गतिविधियां आयोजित की गईं। उन्होंने कहा, “पोषण सिर्फ़ एक योजना नहीं बल्कि राष्ट्रीय ज़िम्मेदारी है — एक संस्कृति, एक आंदोलन और जीवन जीने का तरीका है।”
उपायुक्त ने यह भी कहा कि बाल संरक्षण में जिला शिमला बेहतर कार्य कर रहा है और समाज को बच्चों के शारीरिक, मानसिक व सामाजिक विकास पर समान रूप से ध्यान देना चाहिए।
इस अवसर पर मैत्री संस्था की ओर से गोद भराई, अन्न प्राशन और विद्या आरंभ प्रमाणपत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। आंगनवाड़ी बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोहा। संस्था की ओर से बच्चों को खिलौने और 160 ट्रैक सूट वितरित किए गए। उपायुक्त ने वार्षिक पोषण कैलेंडर भी लॉन्च किया। समारोह में बाल कल्याण समिति अध्यक्ष संतोष शर्मा, किरण ममता गोयल, रुचि और दिव्यांशी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
पोषण माह अभियान 2025 की प्रमुख झलकियां
जिला कार्यक्रम अधिकारी ममता पॉल ने बताया कि यह अभियान 17 सितंबर से 16 अक्टूबर 2025 तक “पोषण 2.0 मिशन” के तहत मनाया गया। अभियान के दौरान मोटापा नियंत्रण, शिशु एवं बाल आहार, पुरुष सहभागिता (Men-streaming), और स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन पर विशेष जोर दिया गया।
आंगनवाड़ियों में “पोषण भी, पढ़ाई भी” थीम के तहत कहानी सुनाना, कठपुतली शो और गतिविधि आधारित शिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के दौरान सम्मानित प्रतिभाएं:
विभिन्न खंडों से राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया —
आदित्य चंदेल (फ्लाइंग ऑफिसर), पल्लवी ठाकुर (राष्ट्रीय खो-खो), दिविषा शर्मा (क्रिकेट), नव्या महंत (कोर्फवाल), कृतिका (रेड एग्जीक्यूटिव), पारुल (सॉफ्टबॉल), इनायत राठौर (शूटिंग व टॉपर), हिपशिता (आइस स्केटिंग), संजना (100 मीटर दौड़), वंशिता भगत (कुश्ती), वंदना (बॉक्सिंग), कशिश केस्टा (गोल्ड मेडल), प्रीति (आईटीआई टॉपर), कृतिका (जापान प्रोग्राम), मुस्कान (कबड्डी व खो-खो), धन्य लक्ष्मी (बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस), पवनये कुठियाला (आइस स्केटिंग) और कनिष्ठा गोयल।
