Chamba: मुख्यमंत्री सुक्खू पांगी पहुंचे, जनजातीय क्षेत्र के लिए की ऐतिहासिक घोषणाएं

एआरबी टाइम्स ब्यूरो

हिमाचल। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का जिला चम्बा के दुर्गम क्षेत्र पांगी के किलाड़ पहुंचने पर पारम्परिक परिधान पहने स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को सम्मानित किया और अपने मुद्दे उनके समक्ष रखे।

प्रदेश मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू पांगी में महिला की समस्या सुनते हुए

महिला मंडल भवनों के लिए की 25-25 की घोषणा

मुख्यमंत्री ने लोगों को उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन देते हुए कहा कि राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने धरवास और लुंज में बनने वाले महिला मण्डल भवनों के लिए 25-25 लाख रुपये तथा लुंज में ही एक अन्य महिला मण्डल भवन के शीघ्र निर्माण हेतु 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही तीन महिला मण्डलों को आवश्यक उपकरणों की खरीद के लिए एक-एक लाख रुपये देने की भी घोषणा की गई।

पांच प्रतिशत ब्याज उपदान देगी सरकार

मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों को निजी भूमि पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनजातीय क्षेत्रों में 250 किलोवाट से एक मेगावाट क्षमता तक के संयंत्रों के लिए पांच प्रतिशत ब्याज उपदान देगी। अन्य क्षेत्रों में 250 किलोवाट से एक मेगावाट तक के संयंत्रों पर चार प्रतिशत और एक मेगावाट से अधिक के संयंत्रों पर तीन प्रतिशत ब्याज उपदान दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री सोमवार को किलाड़ में रात्रि विश्राम करेंगे और मंगलवार को राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह की अध्यक्षता करेंगे।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, विधायक सुन्दर सिंह ठाकुर, राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष देवेंद्र श्याम, मुख्यमंत्री के ओएसडी रितेश कपरेट, कृषि उपज विपणन समिति चम्बा के अध्यक्ष ललित ठाकुर, कांग्रेस नेता सुरजीत भरमौरी और विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *