एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन, ब्लॉक रामपुर की एक महत्वपूर्ण बैठक अध्यक्ष सुदामा राम मेहता की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों की विभिन्न मांगों और समस्याओं पर गंभीरता से चर्चा की गई। बैठक के दौरान एसोसिएशन ने प्रदेश सरकार द्वारा महंगाई भत्ते (DA) देने के लिए आभार व्यक्त किया।
इसके साथ ही वरिष्ठ नागरिकों के हित में कार्य कर रही संस्था हेल्प ऐज इंडिया द्वारा एक कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें साइबर अपराध और साइबर सुरक्षा पर विशेष जानकारी दी गई। शिमला प्रदर्शन की समीक्षा करते हुए बताया गया कि रामपुर से 35 सदस्यों ने भाग लिया था, जिसकी सराहना राज्य और जिला कार्यकारिणी द्वारा की गई। संगठन की मजबूती के लिए सदस्यों ने सदस्यता शुल्क जमा किया और नए सदस्यों को जोड़ने की अपील की गई।
कोषाध्यक्ष की अनुपस्थिति को देखते हुए, सर्वसम्मति से केवल राम को नया कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। बैठक में जोनल प्रभारियों द्वारा संगठन को अधिक सक्रिय और प्रभावशाली बनाने के लिए सुझाव भी रखे गए। अध्यक्ष सुदामा राम मेहता ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
