रामपुर बुशहर। विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) जिला रामपुर की ओर से ठाकुर श्री सत्यनारायण मंदिर में धर्म रक्षा अर्पण निधि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं संस्कार पक्ष से हुआ। मुख्य वक्ता के रूप में विहिप केंद्रीय मंत्री प्रेम शंकर उपस्थित रहे, जिन्होंने संघ और परिषद की स्थापना से लेकर अब तक के कार्यों व उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने हिंदू समाज से विहिप को धर्म रक्षा के कार्यों के लिए सहयोग की अपील की और रामपुर में भविष्य में वेद विद्यालय और गुरुकुल पुनः आरंभ करने की घोषणा भी की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तनमय शर्मा अध्यक्ष, सर्वहितकारी व्यापार मंडल और विशिष्ट अतिथि ललित भारती समन्वयक, आर्ट ऑफ लिविंग संस्था रहे। ललित भारती ने अपने संबोधन में धर्म रक्षा निधि के लिए अधिक से अधिक सहयोग देने का आह्वान किया।
विहिप हिमाचल प्रदेश के उपाध्यक्ष राधा कृष्ण नेगी भी विशेष रूप से कार्यक्रम में मौजूद रहे। मार्गदर्शक स्वामी परमहंस जयदेवांग आश्रम ने वर्तमान सामाजिक चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए विहिप जैसे संगठनों की प्रासंगिकता पर बात की। कार्यक्रम के समापन पर जिला मंत्री सुरेश मेहता ने सभी अतिथियों व प्रतिभागियों का धन्यवाद किया और आगामी दिनों में विहिप कार्यकर्ताओं द्वारा निधि संग्रह अभियान की जानकारी दी।