एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। भाजपा प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह से इस्तीफे की मांग की है। शुक्रवार को प्रेसवार्ता में उन्होंने बिलासपुर में आयोजित कांग्रेस के “संविधान बचाओ अभियान” की बैठक में हुए हंगामे को लेकर कांग्रेस पार्टी को घेरा और उसे “कांग्रेस बचाओ अभियान” करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की आंतरिक कलह अब जनता के सामने आ गई है। उन्होंने कहा कि न केवल प्रदेश की जनता बल्कि कांग्रेस सरकार के मंत्री भी मुख्यमंत्री की कार्यप्रणाली से असंतुष्ट हैं। शर्मा ने दावा किया कि बैठक के दौरान प्रतिभा सिंह ने खुद स्वीकार किया कि न तो राज्य सरकार में उनकी सुनवाई होती है और न ही दिल्ली स्थित पार्टी आलाकमान में।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की बैठक में विशेष समुदाय के लोगों ने भी सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। विशेष रूप से ठेकेदारी के भुगतान और धार्मिक स्थलों को लेकर नाराजगी जाहिर की गई, जिससे स्पष्ट होता है कि कांग्रेस सरकार को सभी वर्गों का समर्थन नहीं मिल रहा। शर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार के पास अपने नेताओं, ओएसडी, मंत्रियों, और मीडिया सलाहकारों के लिए धन है, लेकिन जमीनी कार्यकर्ताओं की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि “संविधान बचाओ अभियान” में न तो डॉ. भीमराव अंबेडकर को उचित श्रद्धांजलि दी गई, न ही पहलगाम में हुए हादसे को लेकर कोई शोक व्यक्त किया गया। उन्होंने कहा कि जब खुद कांग्रेस अध्यक्ष मान रही हैं कि उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है, तो उन्हें भी पद पर बने रहने का कोई औचित्य नहीं है।