एआरबी टाइम्स ब्यूरो, मंडी
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल की सत्तासीन कांग्रेस सरकार में अब काम करने की इच्छा ही समाप्त हो चुकी है। संकट और दुःख की घड़ी में जनता सरकार से उम्मीद रखती है, लेकिन मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की सरकार जिम्मेदारी से भाग रही है। आपदा पीड़ितों की मदद के लिए सरकार को युद्धस्तर पर काम करना चाहिए था, परंतु ऐसा नहीं हुआ। सरकार भाजपा नेताओं को कोसने और अपने मित्रों को लाभ पहुंचाने में व्यस्त रही।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि तीन साल के कार्यकाल में यह सरकार केवल त्रासदी और अव्यवस्था का प्रतीक बनकर रह गई है। वीरभद्र सिंह के विकास दृष्टिकोण की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान मुख्यमंत्री बदले की भावना से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ठेकेदारों को अदायगी न होने के कारण कार्य रुक गए हैं, जिससे विकास ठप है। आपदा के चार माह बाद भी कई क्षेत्रों में न मंत्री पहुंचे हैं, न राहत राशि दी गई है।
बोले- आपदा पीड़ितों के लिए तीन माह का वेतन देंगे
जयराम ठाकुर ने कहा कि सराज क्षेत्र आपदा से सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। उन्होंने घोषणा की कि वे अपने तीन माह का वेतन आपदा पीड़ितों को दान करेंगे, जिनके घर पूरी तरह से तबाह हो गए हैं। उन्होंने बताया कि बालीचौकी में 74 आपदा प्रभावितों को राहत के चेक समाजसेवी संस्थाओं द्वारा सौंपे गए। ठाकुर ने इन संस्थाओं और भाजपा संगठन का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने पूरे प्रदेश में राहत सामग्री और आर्थिक सहयोग भेजा।
धारा 118 में छेड़छाड़ का विरोध
जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार धारा 118 में बदलाव के नाम पर प्रदेश के हितों से खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा किसी भी कीमत पर हिमाचल प्रदेश को फॉर सेल नहीं होने देगी। लोगों ने कांग्रेस को प्रदेश के भले के लिए सत्ता सौंपी है, न कि हिमाचल को बेचने के लिए। इस अवसर पर भाजपा मंडलाध्यक्ष मुकेश ठाकुर, पंचायत समिति अध्यक्ष शेर सिंह, और अन्य पार्टी पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
