दुबई। पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर ICC वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में पहली बार नंबर-1 स्थान हासिल कर लिया है। बुधवार को जारी हुई नई रैंकिंग में रोहित ने शुभमन गिल को पीछे छोड़ते हुए 781 रेटिंग पॉइंट्स के साथ शीर्ष स्थान प्राप्त किया। 38 साल और 182 दिन की उम्र में रोहित शर्मा वनडे रैंकिंग के सबसे उम्रदराज नंबर-1 बल्लेबाज बन गए हैं। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में रोहित ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 101 की औसत से 202 रन बनाए थे। रोहित शर्मा भारत के पांचवें ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने ICC वनडे रैंकिंग में टॉप पोजिशन हासिल की है। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर, एमएस धोनी, विराट कोहली और शुभमन गिल यह मुकाम पा चुके हैं।
कोहली एक स्थान नीचे खिसके, राशिद खान टॉप बॉलर

तीसरे वनडे में 74 रन की पारी खेलने के बावजूद विराट कोहली को रैंकिंग में एक स्थान का नुकसान हुआ है। अब वे 725 रेटिंग पॉइंट्स के साथ छठे स्थान पर हैं। श्रेयस अय्यर दूसरे वनडे में अर्धशतक लगाकर 9वें स्थान पर पहुंच गए हैं। बॉलिंग रैंकिंग में अफगानिस्तान के राशिद खान शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं। ऑस्ट्रेलिया के जोश हेजलवुड दो स्थान ऊपर चढ़कर आठवें नंबर पर पहुंच गए हैं, जबकि भारत के कुलदीप यादव एक स्थान नीचे फिसलकर सातवें नंबर पर आ गए हैं। ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर एडम जम्पा ने भारत के खिलाफ चार विकेट लेकर रैंकिंग में दो पायदान की छलांग लगाई है और अब वे 12वें स्थान पर हैं।
सूर्यकुमार यादव ने पूरे किए 150 टी20 छक्के, दुनिया के पांचवें बल्लेबाज बने

ऑस्ट्रेलिया। भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में बड़ा माइलस्टोन हासिल किया है। उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 150 छक्के पूरे कर लिए हैं। सूर्यकुमार यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के पांचवें और भारत के दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। सूर्यकुमार ने यह मुकाम 86 पारियों और 1649 गेंदों में हासिल किया। उनसे तेज यह रिकॉर्ड सिर्फ संयुक्त अरब अमीरात के मोहम्मद वसीम के नाम है, जिन्होंने 66 पारियों और 1543 गेंदों में 150 छक्के पूरे किए थे। लिस्ट में सूर्यकुमार से पहले रोहित शर्मा, वसीम, मार्टिन गुप्तिल और जोस बटलर का नाम शामिल हैं। टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम है, जिन्होंने 205 छक्के जड़े हैं। भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच कैनबरा में खेले गए पहले टी20 मुकाबले को बारिश के कारण बेनतीजा घोषित करना पड़ा। बारिश दो बार बाधा बनी। भारत ने 9.4 ओवर में एक विकेट पर 97 रन बनाए थे, जब तेज बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा और दोबारा शुरू नहीं हो सका। कप्तान सूर्यकुमार ने 24 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्के लगाते हुए 39 रन की नाबाद पारी खेली। इसके अलावा शुभमन गिल ने भी 20 गेंदों पर 37 रन बनाए।










