एआरबी टाइम्स ब्यूरो, बिलासपुर
नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में बनने वाले नए खेल परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि इस परियोजना की कुल लागत लगभग 25 करोड़ रुपए है और इसके लिए पहले चरण में 4.5 करोड़ रुपए की धनराशि जारी कर दी गई है।
खेल परिसर के लिए घुमारवीं के समीप लगभग 12 बीघा भूमि खेल विभाग के नाम हस्तांतरित की जा चुकी है। इसमें इनडोर स्टेडियम, आउटडोर खेल मैदान, दर्शक दीर्घा और आधुनिक सुविधाओं से युक्त प्रशिक्षण केंद्र तैयार किए जाएंगे, जिससे युवा खिलाड़ियों को उत्कृष्ट वातावरण में अभ्यास का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से न केवल घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र बल्कि आसपास के अन्य इलाकों के युवा खेलों की ओर आकर्षित होंगे और अपनी प्रतिभा को राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक प्रदर्शित कर पाएंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार संपूर्ण हिमाचल में खेल परिसरों और इनडोर स्टेडियमों का निर्माण कर रही है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश भर में जिला और उपमंडल स्तर पर खेल अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिले। इस खेल परिसर का लक्ष्य हर युवा को अपनी पसंद के खेल और सुविधाएं उपलब्ध कराना है। आने वाले वर्षों में यह घुमारवीं खेल परिसर बिलासपुर और पूरे प्रदेश के लिए एक आदर्श मॉडल साबित होगा। इस अवसर पर एसडीएम गौरव चौधरी, हिमुडा और लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता तथा युवा सेवा व खेल विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
