एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
13 और 14 नवम्बर 2025 को खड्गा स्पोर्ट्स स्टेडियम, अंबाला कैंट में अग्निवीर महिला सेना पुलिस भर्ती प्रक्रिया का दूसरा चरण आयोजित किया जाएगा। इस चरण में फिजिकल और मेडिकल परीक्षण होंगे। यह भर्ती हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ की उन महिला अभ्यर्थियों के लिए है, जो प्रथम चरण की कंप्यूटर आधारित ऑनलाइन कॉमन परीक्षा में शॉर्टलिस्ट हुई हैं।
भारतीय सेना ने अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड 31 अक्टूबर 2025 को जारी कर दिए हैं। उम्मीदवार भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर अपनी Login ID से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकती हैं।
भर्ती कार्यालय ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे एडमिट कार्ड में दिए गए सभी निर्देशों का पालन करें। यदि किसी अभ्यर्थी को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में कोई समस्या आती है, तो वे अपने सेना भर्ती कार्यालय में प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक संपर्क कर सकती हैं, ताकि समस्या का शीघ्र समाधान किया जा सके।
