एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सांसद अनुराग ठाकुर के उस बयान पर तीखा पलटवार किया, जिसमें उन्होंने भाजपा में गुटबाजी के सवाल पर कहा था कि हम पांच पांडव हैं, जो कौरवों पर भारी पड़ेंगे। सुक्खू ने कहा कि भाजपा खुद स्वीकार कर रही है कि वह पांच गुटों में बंटी हुई पार्टी है और अब अपने आपको कलयुग के पांडव के रूप में पेश करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि पांडवों ने हमेशा सत्य और अधिकारों की लड़ाई लड़ी, लेकिन भाजपा के नेता झूठ और ध्यान भटकाने की राजनीति कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने शनिवार को अपने गृहक्षेत्र हमीरपुर के दौरान के दौरान ये बातें कहीं।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा ने हिमाचल के अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ी? क्या 1500 करोड़ की घोषित राहत राशि के लिए प्रधानमंत्री से मुलाकात की? सीएम सुक्खू ने कहा कि मंडी में अनुराग ठाकुर के समर्थन में लगे नारों और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के 10 में से 9 सीटें लाई वाले बयान से साफ है कि भाजपा अंदरूनी खेमेबाजी से जूझ रही है। उन्होंने तंज करते हुए कहा कि भाजपा को प्रदेश के हित और अधिकारों की लड़ाई लड़नी चाहिए, लेकिन पिछली सरकार में प्रदेश की संपदा को नीलाम किया गया।
बोले – भाजपा नेता आपदा राहत राशि पर चुप
सीएम ने कहा कि भाजपा नेता 1500 करोड़ की राहत राशि पर प्रधानमंत्री के सामने चुप्पी साधे बैठे हैं। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में केंद्र से राहत मांगने जाना पड़े, तो हमारा मंत्रिमंडल भी जाने को तैयार है।
नादौन विधानसभा क्षेत्र के मंझेली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू ने:
मंझेली में पटवार सर्कल और उप स्वास्थ्य केंद्र की घोषणा की
महिला मंडलों को 5–5 लाख रुपये देने की घोषणा की
पंचायत को विकास कार्यों के लिए 50 लाख रुपये स्वीकृत किए
उन्होंने बताया कि हमीरपुर में बनने वाला कैंसर संस्थान 300 करोड़ की लागत से विश्व स्तरीय सुविधाओं के साथ बनाया जाएगा और इसका निर्माण जल्द शुरू होगा।
