Shimla : तुर्की से सेब आयात पर प्रतिबंध की मांग, वाणिज्य मंत्री से मिले सेब उत्पादक

एआरबी टाइम्स ब्यूरो 

शिमला। हिमाचल के सेब उत्पादकों ने तुर्की से सेब आयात पर गहरी चिंता जताते हुए इस पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की मांग की है। हिमालयन एप्पल ग्रोवर्स सोसायटी (HAGS) के बैनर तले प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से उनके कार्यालय में भेंट की और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि तुर्की से आ रहे सब्सिडी युक्त सस्ते सेबों के कारण देश के बागवानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। सेब की बिक्री लागत मूल्य से भी कम दर पर हो रही है, जिससे लाखों किसानों की आजीविका पर संकट मंडरा रहा है। उन्होंने इसे केवल एक आर्थिक समस्या नहीं, बल्कि किसानों की गरिमा और आत्मनिर्भर भारत की भावना से जुड़ा मुद्दा बताया। प्रतिनिधिमंडल ने इस तथ्य पर भी प्रकाश डाला कि तुर्की, पाकिस्तान जैसे भारत विरोधी देश को सैन्य सहायता व रक्षा उपकरण उपलब्ध कराता है, इसलिए ऐसे देश से आयात करना राष्ट्रीय सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी खतरनाक है। गोयल ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व राजेश धानटा, महासचिव एवं मीडिया प्रमुख HAGS ने किया।

मुख्य मांगें:

  1. तुर्की से सेब के आयात पर तत्काल पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए।
  2. अन्य देशों से सेब आयात पर न्यूनतम आयात मूल्य (MIP) को बढ़ाया जाए।
  3. आयातित सेबों पर कड़े गुणवत्ता और फाइटोसैनिटरी (Phytosanitary) मानकों को लागू किया जाए, जिससे रोग या विषाणु देश में प्रवेश न कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *