एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
बांग्लादेश की राजधानी ढाका में 15 से 25 नवंबर तक आयोजित होने वाले दूसरे Women’s Kabaddi World Cup के लिए भारतीय महिला टीम की घोषणा कर दी गई है। इस बार टीम में हिमाचल प्रदेश का दबदबा देखने को मिल रहा है, क्योंकि 14 सदस्यीय टीम में राज्य की पांच खिलाड़ी शामिल की गई हैं। सबसे खास बात यह है कि टीम की कप्तानी भी हिमाचल की रितु नेगी के हाथों में सौंपी गई है। रितु नेगी सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र की रहने वाली हैं और इंडियन रेलवे से खेलती हैं।
13 साल बाद आयोजित हो रहे इस विश्व कप में भारतीय टीम की कमान संभालने का मौका मिलना उनके लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। रितु नेगी के साथ पुष्पा राणा को उप कप्तान नियुक्त किया गया है, जो शिलाई क्षेत्र की ही रहने वाली हैं। यह हिमाचल के लिए गौरवपूर्ण पल है, क्योंकि नेतृत्व की दोनों महत्वपूर्ण भूमिकाएं प्रदेश की खिलाड़ियों को मिली हैं। टीम में हिमाचल से तीन खिलाड़ी साक्षी शर्मा, चंपा ठाकुर और भावना ठाकुर भी शामिल हैं। भारतीय टीम में अन्य खिलाड़ियों में पूजा नरवाल, पूजा, रितु शोहरान, संजू देवी, रितु मित्रवाल, मिनी नरवाल, अनु कुमारी और धनलक्ष्मी शामिल हैं। मजबूत डिफेंस और अनुभवी ऑलराउंडरों से सजी यह टीम वर्ल्ड कप में भारत की उम्मीदों को बढ़ाती है।
पहले विश्व कप में भारत ने अपने नाम किया था खिताब
इससे पहले पहला Women’s Kabaddi World Cup वर्ष 2012 में पटना में आयोजित किया गया था, जिसमें भारतीय टीम ने खिताब अपने नाम किया था और ईरान उपविजेता रहा था। हालांकि इस बार भी टूर्नामेंट का आयोजन भारत में ही होना था। पहले जून में बिहार और फिर 3 से 10 अगस्त तक हैदराबाद में आयोजन प्रस्तावित था, लेकिन दोनों बार कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा। अंततः विश्व कप को ढाका में आयोजित करने का अंतिम निर्णय लिया गया। महिला कबड्डी विश्व कप में इस बार अर्जेंटीना, बांग्लादेश, चीनी ताइपे, जर्मनी, नीदरलैंड, ईरान, जापान, केन्या, नेपाल, थाईलैंड, युगांडा, ज़ांज़ीबार, पोलैंड और भारत सहित कई देशों की टीमें भाग लेने जा रही हैं। बड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के बीच भारतीय टीम से एक बार फिर दमदार प्रदर्शन की उम्मीद है।
