एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तकलेच में आयोजित चार दिवसीय जिला स्तरीय अंडर-14 छात्र खेलकूद प्रतियोगिता का वीरवार को समापन हुआ। समापन समारोह में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। हिमाचल प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नंद लाल विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। प्रतियोगिता में जिले के 20 ब्लॉकों से करीब 692 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इनमें 519 विद्यार्थी सरकारी विद्यालयों तथा 173 विद्यार्थी निजी विद्यालयों से शामिल हुए। चार दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने वॉलीबॉल, खो-खो, कबड्डी और बैडमिंटन में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। खेलकूद विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सरकार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक सुविधाएं और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत है। वर्तमान सरकार ने अपने साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में शिक्षा क्षेत्र में 9 हजार से अधिक नौकरियां प्रदान की हैं। प्रदेश में वर्तमान में 14,663 शिक्षण संस्थान हैं, जहां 65 हजार से अधिक अध्यापक सेवाएं दे रहे हैं और 7 लाख से अधिक विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की साक्षरता दर पहले करीब 5 प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर 99.30 प्रतिशत हो गई है। उन्होंने कहा कि स्कूली शिक्षा के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश देश में छठे स्थान पर तथा राज्यों की श्रेणी में तीसरे स्थान पर है। सरकार विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने, शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने तथा विद्यार्थियों को खेल एवं अन्य गतिविधियों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने पर विशेष बल दे रही है।
रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए खेल सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 69वीं राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। प्रदेश के खिलाड़ियों ने कुल 48 पदक जीते, जिनमें 8 स्वर्ण, 11 रजत और 29 कांस्य पदक शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पिछले सत्र में प्रदेश के 22 छात्र खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में हिमाचल प्रदेश में 11 खेल छात्रावास हैं, जहां अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों को बेहतर खेल सामग्री और प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। खिलाड़ियों की दैनिक आहार राशि को 120 रुपये से बढ़ाकर 250 रुपये किया गया है।
विद्यालय के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा
शिक्षा मंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तकलेच में बरसात के कारण खेल मैदान और दीवार को हुए नुकसान की मरम्मत के लिए प्रथम चरण में 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने विद्यालय में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 50 हजार रुपये देने की भी घोषणा की।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के 100 विद्यालयों को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से संबद्ध विद्यालय बनाने की योजना के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तकलेज को भी शामिल किया जाएगा।
इस दौरान शिक्षा मंत्री ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं तथा उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विजेता टीमों को किया सम्मानित
प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी में नेरवा ब्लॉक ने प्रथम तथा रोहड़ू ब्लॉक ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वॉलीबॉल में रोहड़ू प्रथम और नेरवा द्वितीय, खो-खो में रोहड़ू प्रथम और मतियाना द्वितीय तथा बैडमिंटन में नेरवा प्रथम और देहा द्वितीय स्थान पर रहा।
शिक्षा मंत्री ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को बधाई देते हुए पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजक विद्यालय, अध्यापकों और सहयोगी स्टाफ को भी बधाई दी।
समापन समारोह में अतिरिक्त निदेशक शिक्षा योगेश चौहान, सहायक निदेशक प्रारंभिक शिक्षा अजय पांटा, जिला परिषद सदस्य रोनी राणा, अनुराधा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लाल चंद शर्मा, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष चंद्र प्रभा, पंचायत समिति उपाध्यक्ष रामपुर सुनील कायथ, निदेशक पर्यटन यशपाल सोनी, एचपीएमसी निदेशक मंडल सदस्य भूपेश धीमान, कैलाश फेडरेशन निदेशक मंडल सदस्य त्रिलोक भूलनी, ग्राम पंचायत प्रधान सुनील कायथ सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
