एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
डीएवी सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल दत्तनगर में डॉ. विपिन जिष्टु ने प्रधानाचार्य के पद का कार्यभार संभाल लिया है। शिक्षा एवं विद्यालय प्रशासन के क्षेत्र में करीब 14 वर्षों का अनुभव रखने वाले डॉ. जिष्टु के कार्यभार संभालने से विद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को लेकर नई पहल की उम्मीद है।
डॉ. विपिन जिष्टु ने वर्ष 2012 से 2017 तक आर्मी स्कूल में पांच वर्ष प्रधानाचार्य के रूप में सेवाएं दीं। इसके बाद वर्ष 2018 से 2023 तक पुलिस डीएवी स्कूल अमृतसर में छह वर्ष तथा वर्ष 2024 से 2026 तक डीएवी सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल धर्मशाला में तीन वर्ष प्रधानाचार्य के पद पर कार्य किया। विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और विद्यालय प्रशासन को प्रभावी बनाने की दिशा में कार्य किया।
शैक्षणिक क्षेत्र में भी डॉ. विपिन जिष्टु की उल्लेखनीय उपलब्धियां रही हैं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से पीएचडी की है। शिक्षा एवं विद्यालय प्रशासन के क्षेत्र में उनके कार्यों को विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया गया है।
वर्ष 2017 में आर्मी स्कूल में सेवाओं के दौरान उन्हें जीओसी-इन-सी वेस्टर्न कमांड कमेंडेशन से सम्मानित किया गया। वहीं, वर्ष 2022 में पुलिस डीएवी स्कूल अमृतसर में सेवाओं के दौरान उन्हें सहोदया सीबीएसई बेस्ट प्रिंसिपल अवार्ड से नवाजा गया।
डॉ. विपिन जिष्टु के पास विभिन्न प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में प्रधानाचार्य के रूप में कार्य करने का लंबा अनुभव है। उनके कार्यभार संभालने के बाद विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों को और बेहतर बनाने, विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास तथा अनुशासन को मजबूत करने की दिशा में नए प्रयास किए जाने की उम्मीद है।
