एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ज्यूरी में सोमवार को सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर 29 सितंबर से 5 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह में ज्यूरी-बधाल पंचायत की बीडीसी सदस्य नीलम लश्टी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
मुख्य अतिथि ने एनएसएस स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने स्वयंसेवकों से शिविर के दौरान पूरी लगन और सेवा भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज और पर्यावरण के प्रति जागरूक रहकर विद्यार्थी सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य पदम बिष्ट ने एनएसएस शिविर के आयोजन पर स्वयंसेवकों और एनएसएस टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिविर के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उनमें नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सरोकारों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने में सहायक होते हैं।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी राकेश नेगी ने शिविर की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि सात दिनों के दौरान स्वयंसेवकों को सामाजिक सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियों में शामिल किया जाएगा। इसके अलावा समुदाय के प्रति जिम्मेदारी और सामाजिक सहभागिता से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को समाज सेवा का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के साथ उनमें सहयोग, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। शिविर के दौरान स्वयंसेवकों द्वारा स्थानीय स्तर पर विभिन्न सेवा एवं जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
