एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
भारतीय विद्यार्थी परिषद/संस्थान के आह्वान पर स्प्रिंग डेल पब्लिक विद्यालय खनेरी के प्रांगण में राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय चेतना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अध्यापक-अध्यापिकाओं सहित समस्त विद्यालय परिवार ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सामूहिक गायन के दौरान पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के भाव से गूंज उठा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भोगेश्वर शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि मातृभूमि के प्रति सम्मान, समर्पण और राष्ट्रप्रेम की भावना का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और देशसेवा जैसे मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
विद्यालय की अध्यापिका ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने में सहायक होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ-साथ संस्कारों और सामाजिक जिम्मेदारियों को भी महत्व देने का आग्रह किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मनीष आनंद ने मुख्य अतिथि का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में एकता, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की एकता और अखंडता बनाए रखने तथा समाज के प्रति अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया। आयोजन का समापन राष्ट्र के प्रति सम्मान, एकता और समर्पण की भावना के साथ हुआ।
