एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
शिमला जिला के ऐतिहासिक रामपुर बुशहर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय लवी मेले का विधिवत शुभारंभ मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने किया। यह मेला भारत-तिब्बत के प्राचीन व्यापारिक संबंधों का प्रतीक है। राज्यपाल ने इस अवसर पर कहा कि लवी मेला सदियों पुराना है और यह सांस्कृतिक आदान-प्रदान, व्यापारिक गतिविधियों तथा मैत्रीभाव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने कहा कि यह मेला उस परंपरा का प्रतीक है जब हिमाचल की रियासतों और तिब्बत के बीच ऊनी वस्त्र, नमक और स्थानीय उत्पादों का व्यापार होता था। राज्यपाल ने बताया कि तिब्बत के साथ व्यापार को प्रोत्साहित करने के लिए वह स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस विषय पर चर्चा कर चुके हैं और इस दिशा में प्रयास जारी हैं। उद्घाटन अवसर पर किन्नरी एवं बुशहरी पारंपरिक उत्पादों और ऊनी वस्त्रों की प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
नशे के बढ़ते खतरे पर गंभीर चिंता
राज्यपाल ने अपने संबोधन में प्रदेश में बढ़ रहे चिट्टे और सिंथेटिक नशे के प्रसार पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यह नशा युवाओं को मौत की ओर धकेल रहा है, विशेषकर उन सीमावर्ती क्षेत्रों में जहां से देश के लिए सैनिक तैयार होते हैं। उन्होंने कहा कि पारंपरिक नशे और आधुनिक सिंथेटिक नशे में बड़ा अंतर है —
आज का सिंथेटिक नशा जानलेवा है।
राज्यपाल ने कहा कि पुलिस और प्रशासन नशा माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रहे हैं, लेकिन इस लड़ाई में समाज की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। “जब समाज, प्रशासन और जनप्रतिनिधि एक साथ खड़े होते हैं, तभी नशा रोकथाम अभियान सफल होता है।
पर्यावरण संरक्षण पर की अपील
राज्यपाल ने हिमाचल में आई हालिया प्राकृतिक आपदा का ज़िक्र करते हुए कहा कि यह प्रकृति के साथ छेड़छाड़ का परिणाम है। उन्होंने कहा: जैसे हम कहते हैं नशा भगाओ, हिमाचल बचाओ, उसी तरह हमें पर्यावरण बचाओ, हिमाचल सुरक्षित रखो का भी संकल्प लेना होगा।
दिल्ली विस्फोट पीड़ितों को श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने दिल्ली में हुए कार विस्फोट में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इस घटना की जांच में तेजी से कदम उठा रही है और दोषियों को कड़ी सजा दी जाएगी।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
मेले के शुभारंभ अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक दलों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिनकी राज्यपाल ने सराहना की। इससे पूर्व सातवें वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नंद लाल ने लवी मेले के ऐतिहासिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष चंद्र प्रभा नेगी, उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप, एसपी शिमला संजीव कुमार गांधी सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं स्थानीय गणमान्य उपस्थित रहे।
