एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने वीरवार को रामपुर के शिंगला स्थित श्री सर्वोत्तम शक्तिपीठ में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके उपरांत उन्होंने योग शिविर में भाग लिया और स्थानीय लोगों से संवाद किया।
मंत्री ने कहा कि शक्तिपीठ क्षेत्र के समग्र विकास के लिए विस्तृत रोडमैप तैयार किया जाएगा, जिसमें भवन निर्माण, सड़क सुधार और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए यहां के विकास कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।
विक्रमादित्य सिंह ने शिंगला की जनता के श्रद्धा, संस्कृति और सहयोग की भावना की सराहना करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नन्द लाल, प्रेम सिंह महाराज, विश्व गौरव हरि ओम, चारु चैतन्य महाराज, हर्षवर्धन, माता राधा रानी, जिला परिषद सदस्य बिमला शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सतीश शर्मा, महिला मंडल की सदस्य तथा अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके बाद मंत्री ने पद्म स्कूल रामपुर के सभागार में आयोजित छात्रा सम्मान समारोह में भाग लिया और मेधावी छात्रों को सम्मानित किया।
