एआरबी टाइम्स ब्यूरो, ऊना।
Road accident in Una : हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में रविवार देर रात हुए कलरूही सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। हादसा अंब–मुबारिकपुर मार्ग पर कलरूही पुल के पास उस समय हुआ, जब माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव के बाद बड़ी संख्या में लोग अपने घरों को लौट रहे थे। सूचना के अनुसार रात करीब 10:30 बजे दो बाइकों के बीच तेज रफ्तार में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में अंब उपमंडल के अलोह गांव के दो सगे भाई भी शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, आसब खान, उसका भाई इमरान और रोहन (17) चिंतपूर्णी महोत्सव से लौट रहे थे। दूसरी बाइक पर सवार अमित और निखिल, निवासी सेक्टर-56 चंडीगढ़, माता बगलामुखी मंदिर से दर्शनों के बाद वापस जा रहे थे।स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और सभी घायलों को सिविल अस्पताल अंब पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने आसब खान और निखिल को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में इमरान, रोहन और अमित को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना से PGI चंडीगढ़ रेफ़र किया गया, जहां इलाज के दौरान इमरान और रोहन ने भी दम तोड़ दिया। अमित की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने तेज रफ्तार और सड़क पर बढ़ी भीड़ को हादसे का संभावित कारण बताया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की गहन जांच जारी है। हादसे के बाद अलोह गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं दो सगे भाइयों की मृत्यु ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।
