एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज उपमंडल कोटखाई के पुडग दौरे के दौरान 1 करोड़ 19 लाख रुपये की लागत से बनी धनद्रोंटी–केहमली सड़क का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने 1 करोड़ 91 लाख रुपये से निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पुडग भवन के कार्य का निरीक्षण किया।
अपने संबोधन में शिक्षा मंत्री ने कहा कि ग्राम पंचायत पुडग उनके विधानसभा क्षेत्र का भावनात्मक रूप से महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसलिए यहां सड़क, पेयजल और स्वास्थ्य जैसी सभी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 35 लाख रुपये से संपर्क मार्ग पुडग की मेटलिंग टारिंग का काम प्रगति पर है। इसके अलावा प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना फेज-3 के अंतर्गत गुम्मा–रेओघाटी सड़क के लिए 27 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं।
मंत्री ने कहा कि हिमाचल जैसे पहाड़ी प्रदेश में सड़कें विकास की जीवन रेखाएं हैं, इसलिए सड़क निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार के 3 वर्षों के भीतर 148 सड़कें पास हुई हैं और 500 करोड़ रुपये के निर्माण व मरम्मत कार्य जारी हैं। साथ ही बिजली, पेयजल, भवन निर्माण, शिक्षा और स्वास्थ्य पर भी करोड़ों रुपये का निवेश हो रहा है।
उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान क्षेत्र के लिए 10 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्वीकृत किए गए थे, जिनमें से पुडग का स्वास्थ्य केंद्र भी शामिल है, और इसका कार्य शीघ्र पूरा कर जनता को समर्पित किया जाएगा।
पेयजल के संदर्भ में उन्होंने कहा कि पब्बर नदी से 38 करोड़ रुपये की उठाऊ पेयजल योजना निर्माणाधीन है, जिससे जुब्बल–नावर–कोटखाई की 27 पंचायतें लाभान्वित होंगी।
ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने आश्वासन दिया कि केहमली सड़क की मेटलिंग–टारिंग जल्द की जाएगी और अगले दो महीनों के भीतर केहमली बिजली ट्रांसफार्मर को अपग्रेड किया जाएगा।
नरेश चौहान का बयान
मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कहा कि केहमली गांव लंबे समय से सड़क सुविधा से वंचित था। लेकिन शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और राज्य सरकार के प्रयासों से यह सड़क बनकर तैयार हुई है, जिसके लिए उन्होंने ग्रामीणों को बधाई दी।
इस अवसर पर जुब्बल कोटखाई नावर मंडल अध्यक्ष मोती लाल डेरटा, पंचायत प्रधान रेणु चौहान, नितिन (उपप्रधान), तहसील यूनियन अध्यक्ष गुमान सिंह चौहान, निदेशक हिमाचल कृषि एवं ग्रामीण बैंक देविंदर नेगी, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष रविंदर चौहान, युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक कालटा, एसडीएम (ना०) गुरमीत नेगी सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
