एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
Women’s Kabaddi World Cup 2025 का शुभारंभ सोमवार को बांग्लादेश के मीरपुर में हो गया। 13 साल बाद हो रहे इस बड़े आयोजन में दुनियाभर की 11 टीमें भाग ले रही हैं। पहले दिन खेले गए मुकाबलों ने टूर्नामेंट की रोमांचक शुरुआत की, जिसमें मेजबान बांग्लादेश, नेपाल, ईरान और चीनी ताइपे ने जीत दर्ज की। उद्घाटन मैच में बांग्लादेश ने युगांडा को 42-22 से हराकर शानदार शुरुआत की। अन्य मुकाबलों में नेपाल ने जांजीबार को 58-16, ईरान ने पोलैंड को 55-11, चीनी ताइपे ने केन्या को 38-16 से मात दी। इन नतीजों ने साफ कर दिया कि इस बार मुकाबला बेहद कड़ा रहने वाला है।
दोपहर 2:30 बजे से होगा मुकाबला
भारतीय महिला टीम आज अपना पहला मैच थाईलैंड के खिलाफ दोपहर 2:30 बजे खेल रही है। भारत की टीम इस बार बेहद मजबूत और संतुलित मानी जा रही है, क्योंकि इसमें कई अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा खिलाड़ियों का बेहतरीन संयोजन शामिल है। इस बार भारतीय टीम में हिमाचल प्रदेश की पांच बेटियां शामिल हैं, जो पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। हिमाचल से रितु नेगी कप्तान, पुष्पा राणा उपकप्तान, साक्षी शर्मा, भावना ठाकुर और चंपा ठाकुर हैं।
कप्तान रितु नेगी और उपकप्तान पुष्पा राणा एशियन गेम्स सहित राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है। इनकी कप्तानी में भारत से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है। हिमाचल प्रदेश कबड्डी का गढ़ माना जाता है और यहां से कई अंतरराष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी निकल चुकी हैं। इस बार विश्व कप में भी यहां की बेटियों से उम्मीदें बढ़ी हुई हैं। रितु नेगी की कप्तानी और पुष्पा राणा के अनुभव के साथ टीम का नेतृत्व मजबूत दिखता है। वहीं, साक्षी, भावना और चंपा भी भारतीय टीम की ताकत बढ़ाती हैं।
भारत के आगामी मैच
भारत का आगामी कार्यक्रम इस प्रकार है
19 नवंबर: भारत बनाम बांग्लादेश
20 नवंबर: भारत बनाम जर्मनी
21 नवंबर: भारत बनाम युगांडा
इन मुकाबलों के आधार पर भारत की सेमीफाइनल और फाइनल की राह तय होगी।
भारतीय महिला कबड्डी टीम
रितु नेगी (कप्तान), पुष्पा राणा (उपकप्तान), सोनाली शिंगटे, पूजा नरवाल, भावना ठाकुर, साक्षी शर्मा, पूजा काजला, चंपा ठाकुर, मिनी नरवाल, रितु श्योराण, रितु मिथरवाल, संजू देवी, धनलक्ष्मी, अनु कुमारी
