एआरबी टाइम्स ब्यूरो, चंडीगढ़
एनएचपीसी क्षेत्रीय कार्यालय चंडीगढ़ के कार्मिकों ने कार्यपालक निदेशक आदित्य गौतम की अगुवाई में संविधान दिवस के अवसर पर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया।
इस अवसर पर भारत सरकार द्वारा 21 नवंबर 2025 को लागू की गई श्रम संहिताओं को कार्यबल में प्रभावी करने के उद्देश्य से श्रम संहिता जागरूकता सत्र का शुभारंभ भी किया गया। सत्र के दौरान एम. एम. खान, समूह वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) ने चारों श्रम संहिताओं—मजदूरी संहिता 2019, सामाजिक सुरक्षा संहिता 2020, औद्योगिक संबंध संहिता 2020 तथा व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य दशाएं संहिता 2020—पर विस्तृत व्याख्यान प्रस्तुत किया।
कार्यपालक निदेशक आदित्य गौतम ने इस जागरूकता सत्र को सभी कार्मिकों के लिए अत्यंत लाभकारी एवं ज्ञानवर्धक बताया। उन्होंने श्रम संहिताओं के शत-प्रतिशत अनुपालन हेतु आवश्यक दिशानिर्देश भी प्रदान किए।
कार्यक्रम में समूह महाप्रबंधक (विधि) रूबी रैना, उप महाप्रबंधक (वित्त) राजेंद्र सिंह रावत, उप महाप्रबंधक (सिविल) वीरेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। सभी कार्मिकों ने इस जागरूकता सत्र की सराहना करते हुए इसे अत्यंत लाभप्रद करार दिया।
