एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
कुल्लू जिला के ढालपुर ग्राउंड में आयोजित तीन दिवसीय Kullu Festival of Speed 2025 (2nd Edition) में सिरमौर की प्रतिभाशाली ड्राइवर और गर्ल्स स्कूल हमीरपुर में अंग्रेजी प्रवक्ता अनुपमा शर्मा ने लेडीज़ ओपन कैटेगरी में शानदार जीत हासिल की। उन्होंने अपना ट्रैक सिर्फ 1 मिनट 31 सेकंड में पूरा कर नया रिकॉर्ड दर्ज किया। पहली बार इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेते हुए अनुपमा ने अपनी Fronx गाड़ी से 4×4 वाहन का मुकाबला किया और अपने प्रतिद्वंद्वी को कड़ी टक्कर देते हुए ट्रॉफी अपने नाम की।
अपनी जीत पर उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपनी हॉबी पर ध्यान देते हुए सपनों को पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ाना चाहिए। उन्होंने बताया कि शुरूआती असफलताएँ सफलता की राह बनाती हैं और लगातार मेहनत ही जीत की कुंजी है।
अनुपमा ने बताया कि वे स्कूल समय से ही गाड़ी चला रही हैं और पिछले दो दशकों से बुलेट भी चला रही हैं। मोटर स्पोर्ट्स और एडवेंचर स्पोर्ट्स हमेशा से उनका पसंदीदा क्षेत्र रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी प्रेरणा के पीछे माता-पिता और उनका 11 वर्षीय बेटा है, जिसने उन्हें जीतकर लौटने के लिए उत्साहित किया था।
उन्होंने आयोजनकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहकर रचनात्मक क्षेत्रों में आगे बढ़ने की जरूरत है। अनुपमा शर्मा ने भविष्य में भी मोटर स्पोर्ट्स में हिस्सा लेने का संकल्प दोहराया।
