एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
जिला युवा कार्यालय किन्नौर द्वारा आज सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर ‘सरदार 150 यूनिटी मार्च’ का सफल आयोजन जवाहर नवोदय विद्यालय, रिकांगपिओ में किया गया। कार्यक्रम में सहायक आयुक्त डॉ. ओ. पी. यादव ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पदयात्रा (यूनिटी मार्च) रहा, जिसे मुख्य अतिथि ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सभी विशिष्ट अतिथियों ने पदयात्रा के माध्यम से सरदार पटेल के विचारों एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। छात्र-छात्राओं ने जवाहर नवोदय विद्यालय किन्नौर से हॉस्पिटल मोड़ तक जाकर पुनः विद्यालय लौटते हुए राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर सहायक आयुक्त किन्नौर डॉ. ओ. पी. यादव ने कहा कि सरदार पटेल ऐसे महानायक थे जिन्होंने अपने दृढ़ संकल्प और अद्वितीय नेतृत्व क्षमता से भारत को एक सूत्र में पिरोया। 562 रियासतों के विलय के माध्यम से उन्होंने आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखी, जिसके लिए देश सदैव उनका ऋणी रहेगा।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित राजकीय महाविद्यालय रिकांग पिओ के प्राचार्य डॉ. उत्तम चंद चौहान ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रधानाचार्य शंकुतला देवी ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए सरदार पटेल की जीवनी पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर केन्द्रीय विद्यालय रिकांग पिओ के प्रधानाचार्य संजीव राणा, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान रिकांग पिओ के प्रधानाचार्य अमरीन्द्र नेगी सहित शिक्षक एवं गैर-शिक्षक कर्मचारी उपस्थित रहे।
