एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
पुलिस थाना रामपुर में एक युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर करीब दो वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाने का गंभीर आरोप लगाया है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता की लिखित शिकायत के अनुसार आरोपी राहुल, पुत्र स्वर्गीय शोभा राम, निवासी डीम, तहसील जुब्बल, पिछले दो वर्षों से उसे शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। युवती ने पुलिस को बताया कि इन संबंधों के चलते वह गर्भवती हो गई है, जिससे उसकी मानसिक, सामाजिक और पारिवारिक स्थिति पर गहरा प्रभाव पड़ा है।
युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी ने लंबे समय तक उसे विश्वास में रखकर उसका शोषण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना रामपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस महिला की मेडिकल जांच, बयान दर्ज करने और अन्य आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई में जुटी हुई है। मामले की गहन जांच जारी है।
