एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज कोटखाई उपमंडल के उबादेश क्षेत्र का दौरा करते हुए 1 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से निर्मित राजकीय उच्च विद्यालय बघाल के नवनिर्मित भवन का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय लोगों को बधाई देते हुए कहा कि इस भवन से क्षेत्र की शैक्षणिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी और बच्चों को घर के समीप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि उबादेश क्षेत्र उनकी विधानसभा का महत्वपूर्ण हिस्सा है और उनका इस क्षेत्र से भावनात्मक व पारिवारिक जुड़ाव रहा है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस सरकार के वर्तमान कार्यकाल में इस क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में उबादेश क्षेत्र में 19 नई सड़कें स्वीकृत की गई हैं, जिनमें 4 सड़कें केवल क्यारवी पंचायत में हैं। इसके अलावा 2 सड़कें इसी सप्ताह स्वीकृत की जाएंगी। मातलू–सराह–बघाल सड़क को 2.57 करोड़ की लागत से उन्नत किया जा रहा है। वहीं मेलठ–कुइनल–कलबोग सड़क (4.76 करोड़) और बनाड़ीगाड़–सुंदरनगर सड़क (6.73 करोड़) के प्राकलन नाबार्ड को भेजे जा चुके हैं। लोअर चौगन से लोअर गिलाह सड़क को एक माह में मंजूरी देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
क्यारवी रियोघाटी मार्ग को जल्द बहाल करने के निर्देश
शिक्षा मंत्री ने ग्राम पंचायत चौगन कुल्टी पहुंचकर क्यारवी रियोघाटी मार्ग पर हुए भूस्खलन से हुए नुकसान का निरीक्षण किया और अधिकारियों को शीघ्र सड़क बहाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 की भारी बारिश से पूरे विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है।
48 लाख की पेयजल योजना का लोकार्पण
इसके पश्चात उन्होंने ग्राम पंचायत क्यारवी के मकराड़ा-मंगलोटी में 48 लाख रुपये की लागत से निर्मित पेयजल योजना का लोकार्पण किया। इस योजना से ग्रामीणों को स्थायी और वैकल्पिक पेयजल सुविधा मिलेगी।
अन्य विकास कार्य
शिक्षा मंत्री ने बताया कि पूरे विधानसभा क्षेत्र में 10 नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण किया जा रहा है। बाघी में पशु औषधालय और कलबोग में 2.55 करोड़ रुपये से विद्यालय भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसका 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। साथ ही चमेन में अग्निशमन केंद्र का निर्माण भी जारी है।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर कांग्रेस मंडल के पूर्व अध्यक्ष मोतीलाल डेरटा, निदेशक कृषि एवं ग्रामीण बैंक देविंदर नेगी, तहसील यूनियन अध्यक्ष गुमान सिंह चौहान, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कमलेश ठाकुर, युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक कालट व अतुल चौहान, ग्राम पंचायत प्रधान मनतीश चौहान सहित विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि, प्रधानाचार्य, शिक्षक, महिला मंडल, युवक मंडल तथा सभी विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
