शिमला। हिमाचल पुलिस ने सोशल मीडिया पर वर्दी में रील, फनी वीडियो, फोटो और मनोरंजन से जुड़े कंटेंट पोस्ट करने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। पुलिस मुख्यालय ने सोशल मीडिया के बढ़ते दुरुपयोग को देखते हुए नई एसओपी जारी की है। यह कदम विभाग की पेशेवर छवि को सुरक्षित रखने और गोपनीय सूचनाओं के लीक होने पर रोक लगाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
एसओपी के अनुसार, पुलिस वर्दी में डांस, एक्टिंग, फनी रील, निजी प्रचार, धार्मिक या राजनीतिक कंटेंट पोस्ट करना वर्जित है। विभाग का कहना है कि वर्दी में रील या मनोरंजक वीडियो बनाने से पुलिस अनुशासन पर सवाल उठते हैं और यह पेशेवर आचरण के खिलाफ है। कई बार ऐसी पोस्ट पुलिस कर्मी की लोकेशन और पहचान जैसी संवेदनशील जानकारी भी उजागर कर देती हैं। ऐसे में कोई भी पुलिसकर्मी अपने निजी सोशल मीडिया अकाउंट पर केस विवरण, कार्रवाई की स्थिति, आरोपी या पीड़ित की पहचान और ड्यूटी लोकेशन से जुड़ी कोई जानकारी साझा नहीं करेगा। वहीं, बिना अनुमति किसी भी सरकारी दस्तावेज, नोटशीट, आदेश या विभागीय संचार को सोशल मीडिया पर पोस्ट करना गंभीर अनुशासनहीनता माना जाएगा।
आधिकारिक पोस्ट केवल अधिकृत अधिकारी ही जारी करेंगे
विभाग ने कहा कि पुलिस से जुड़े आधिकारिक बयान, प्रेस नोट और जन-जागरूकता कंटेंट केवल वही अधिकारी पोस्ट करेंगे जिन्हें मुख्यालय की ओर से अधिकृत किया गया है। इसका उद्देश्य जनता तक सही, नियंत्रित और प्रमाणित जानकारी पहुंचाना है। पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर विभागीय जांच, निलंबन, वेतन वृद्धि रोकने, आवश्यक होने पर सेवा समाप्ति तक की कार्रवाई की जा सकती है।
