एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
जिला किन्नौर के थाना क्षेत्र पूह के अंतर्गत सुमरा गांव में लाखों रुपये के सोने व चांदी के आभूषण चोरी के मामले में पुलिस ने कार्यवाही करते हुए तीन आरोपियों को आभूषणों सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
एसपी किन्नौर सुशील कुमार शर्मा ने बताया कि 11 दिसंबर को पूह थाना में सुमरा गांव से चोरी की शिकायत दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी मुख्यालय उमेश्वर सिंह राणा की अगुवाई में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने 24 घंटे के अंदर करीब 17 लाख रुपये मूल्य के चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषणों सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस चोरी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा क्या आरोपी अन्य चोरी की घटनाओं में भी संलिप्त रहे हैं।
नशे के खिलाफ विशेष अभियान में बड़ी कार्रवाई
किन्नौर जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला पुलिस ने पिछले एक वर्ष में चिट्टे से जुड़े 26 मामले दर्ज किए हैं और करीब 26 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।
एसपी किन्नौर सुशील कुमार शर्मा ने मीडिया को बताया कि किन्नौर पुलिस चिट्टे के खिलाफ लगातार और सख्ती से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि केवल नवंबर माह में ही चिट्टे के 6 मामले दर्ज किए गए हैं।
