एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
विजय दिवस के अवसर पर जिला कुल्लू में बहुउद्देश्यीय भवन में एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें 1971 के भारत-पाक युद्ध में शहीद हुए भारतीय सेना के वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त कुल्लू तोरुल एस. रवीश ने की।
इस अवसर पर देशभक्ति से ओत-प्रोत विचारों की अभिव्यक्ति के साथ पुष्पांजलि अर्पित कर वीर शहीदों को नमन किया गया। उपायुक्त ने अपने संबोधन में राष्ट्रभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और मातृभूमि की एकता एवं अखंडता की रक्षा में सैन्य बलों की भूमिका को रेखांकित किया।
उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के पराक्रम, शौर्य और साहस से देश के प्रत्येक नागरिक को आत्मविश्वास और सुरक्षा का एहसास होता है। भूतपूर्व सैनिक हर परिस्थिति में राष्ट्र सेवा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं और प्रशासन को उनका निरंतर सहयोग प्राप्त होता है।
उपायुक्त ने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल वीर सपूतों के बलिदान को स्मरण करने का अवसर प्रदान करते हैं, बल्कि युवा पीढ़ी को देशभक्ति के लिए प्रेरित करने का माध्यम भी बनते हैं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के सैनिकों की वीरता का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि इस वीर भूमि के जवानों ने हर युद्ध और चुनौती में अपनी बहादुरी का लोहा मनवाया है।
उन्होंने जानकारी दी कि जिले में शहीद स्मारक का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है और शीघ्र ही इसका औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। साथ ही सैनिकों एवं भूतपूर्व सैनिकों से संबंधित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटाने का आश्वासन भी दिया।
जिला भूतपूर्व सैनिक लीग के अध्यक्ष ब्रिगेडियर टी.एस. ठाकुर ने विजय दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 16 दिसंबर 1971 को भारतीय सेना ने पाकिस्तान पर निर्णायक विजय प्राप्त की थी, जिसके बाद पाकिस्तानी सेना ने आत्मसमर्पण किया और इसी उपलक्ष्य में यह दिन विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान 1971 युद्ध में बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी गई तथा पूर्व सैनिकों और युद्ध विधवाओं (वीर नारियों) की समस्याओं पर भी चर्चा कर उनके समाधान के प्रयास किए गए।
इस अवसर पर नायक पियार चंद, कैप्टन तारा चंद, तापे राम सहित अन्य पूर्व सैनिकों ने सेना में सेवा के दौरान अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक जिला सैनिक कल्याण बोर्ड एवं सहायक आयुक्त जयवंती ठाकुर ने सभी का स्वागत एवं धन्यवाद किया।
कार्यक्रम में एक्स सर्विसमैन लीग के पदाधिकारी, भूतपूर्व सैनिक, गणमान्य नागरिक तथा अति वरिष्ठ भूतपूर्व सैनिक नायक अमरचंद ठाकुर, कर्नल एस.ए. बोध, ऑनरेरी कैप्टन देवराज शर्मा और कैप्टन ज्ञानचंद उपस्थित रहे।
