एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर आज कोटखाई उपमंडल के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत बाग डुमेहर में 1 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित जालठ (1) से जालठ (2) संपर्क मार्ग का विधिवत लोकार्पण किया। शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस संपर्क मार्ग के लोकार्पण पर उन्हें अत्यंत हर्ष हो रहा है। उन्होंने बताया कि सड़क के निर्माण से दोनों बस्तियों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित होगा, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही बागवानों को अपनी फसलों को बाजार तक पहुंचाने में भी राहत मिलेगी। इस अवसर पर उन्होंने इस मार्ग पर बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रोहित ठाकुर ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पूरे हिमाचल प्रदेश में चहुंमुखी विकास कार्य तीव्र गति से चल रहे हैं। उनके विधानसभा क्षेत्र जुब्बल-नावर-कोटखाई में भी अनेक विकास योजनाएं प्रगति पर हैं। केवल सड़क निर्माण के क्षेत्र में ही लगभग 500 करोड़ रुपये के कार्य स्वीकृत व प्रगति पर हैं, जो प्रदेश में सर्वाधिक हैं। इस अवधि में 161 सड़कों की सफलतापूर्वक पासिंग की गई है।
स्वास्थ्य सेवाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सिविल अस्पताल जुब्बल और मुख्यमंत्री आदर्श स्वास्थ्य संस्थान कोटखाई में विशेषज्ञ डॉक्टर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत करने के लिए 11 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण कार्य जारी है। इसके अतिरिक्त बिजली, पानी और नशा उन्मूलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी सरकार द्वारा प्रभावी निर्णय लिए गए हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय की स्वीकृति शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, जिसके दूरगामी लाभ क्षेत्र के विद्यार्थियों को मिलेंगे। इसके साथ ही कोटखाई में सब जज कोर्ट की गतिविधियां भी शीघ्र सुचारु कर दी जाएंगी।
उन्होंने कहा कि वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा से प्रदेशवासियों की सेवा कर रहे हैं और विकास एक सतत प्रक्रिया है। आने वाले समय में सरकार और जनता के सहयोग से विधानसभा क्षेत्र सहित प्रदेश को और बेहतर दिशा में आगे ले जाने का प्रयास जारी रहेगा।
इस अवसर पर जुब्बल-नावर-कोटखाई मंडल अध्यक्ष मोतीलाल डेरटा, निदेशक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक देविंदर नेगी, निदेशक राज्य सहकारी बैंक पवन चौहान, अध्यक्ष युवा कांग्रेस जुब्बल-नावर-कोटखाई दीपक कालटा, ग्राम पंचायत प्रधान उर्मिला जसटा, उपप्रधान रमेश कुमार, पंचायत समिति सदस्य रमन आचार्य, वरिष्ठ कांग्रेसी देविंदर सावंत, एसडीएम व बीडीओ कोटखाई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
